Sunday, October 19, 2014

दोस्ताना पिच पर शाह-सेना की जीत

6 अक्टूबर के ब्लॉग में भाजपा-शिवसेना के बीच वोटों के ध्रवीकरण और बिखराव के दोस्ताना मैच के बारे में बताया गया था।




शाह आधुनिक चाणक्य तो मोदी चंद्रगुप्त मौर्य

लो जी महाराष्ट्र और हरियाणा में ईवीएम से जिन्न निकल आया। और यह जिन्न कोई अकस्मात नहीं निकला। इसके लिए ईवीएम को भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह ने बहुत करीने से अलग अलग अंदाज में कई तरीके से घिसा। तब ही तो महाराष्ट्र में भाजपा- शिवसेना की महायुति ने बहुत अच्छे तरीके से दोस्ताना लड़ाई लड़ते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को चारों खाने चित्त कर दिया। दोनों ने 288 सदस्यों वाले सदन में 177 सीटों पर बढ़त बनाई है जो स्पष्ट बहुमत से कहीं आगे है। यह परिणाम तमाम राजनीतिक पंडितों के लिए भले ही चौंकाने वाले हों पर इस ब्लॉग में गत 6 अक्टूबर को ही यह स्पष्ट कर दिया था कि भाजपा और शिवसेना का गठबंधन टूटना एक सोची समझी रणनीति के तहत उठाया गया कदम है। वोटों के बिखराव और ध्रुवीकरण को ध्यान में रख कर यह बिसात बिछाई गई और वह बिसात पूरी तरह कामयाब साबित हुई। भाजपा ने 112 और शिवसेना 63 सीटों पर बढ़त बना रखी है। पूरे चुनाव अभियान के दौरान इसी वजह से भाजपा ने बाला साहेब ठाकरे के सम्मान के नाम पर शिवसेना के खिलाफ कोई बयानबाजी नहीं की। अमित शाह की रणनीति में शिवसेना अपने आपको ज्यादा सहज नहीं पा रही थी, क्योंकि उसे पहले से ही यह पता था कि उसका कद हर हाल में घटने जा रहा है, इसलिए सेना ने सामना के जरिए नरेंन्द्र मोदी पर जम कर जहर उगलने की कोशिश की और उनकी तुलना अफजल खान तक से कर दी। पर कहते हैं न कि अन्त भला तो सब भला। महाराष्ट्र में भाजपा-सेना का भगवा एक बार फिर से लहरा रहा है।
वहीं हरियाणा में भाजपा अकेले के दम पर सरकार बनाने जा रही है। कभी तीन लाल, देवीलाल-बंसीलाल-भजनलाल, की राजनीति का अखाड़ा रहे हरियाणा में कोई भी भाजपा को स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ता नहीं देख रहा था। वहां कि जातिवादी राजनीति के तार इस तरह से गुंथे हुए हैं कि पार्टी से ज्यादा खाप हावी रहती है इसलिए दशकों तक पहले तीनों लाल और फिर उनके उत्तराधिकारियों ने हरियाणा को अपनी बपौति की तरह बनाए रखा। वहां महज चार विधायकों के साथ बिना किसी चेहरे को आगे कर भाजपा ने जीत दर्ज की है तो इसमें भी सारी रणनीति अमित शाह की ही है। अमित शाह ने ही चुनाव से पहले ही चुन चुन कर नेताओं को भाजपा में शामिल किया। किसी को भी नेता घोषित नहीं किया। कुलदीप विश्नोई की पार्टी से चल रहे गठबंधन को बाहर का रास्ता दिखाया। अकालियों के जरिए आईएनएलडी को हवा दी ताकि वह कांग्रेस के वोट काटे और अंततः भाजपा प्रत्याशी विजयी वोट हासिल करे।
साफ है कि भाजपा ने यह चुनाव विचारधारा, एजेंडे से कहीं ज्यादा पूरी तरह से चुनावी वोट की कतर ब्यौंत के फार्मुले पर लड़ा और मोदी के चेहरे को आगे कर अमित शाह की रणनीति ने भाजपा को एक वटवृक्ष की सी स्थिति दी है। इस जीत का पूरे हकदार सही मायनों में यदि कोई है तो वह केवल और केवल अमित शाह हैं। वे भाजपा के चाणक्य और मोदी चंद्रगुप्त मौर्य हैं। अब साफ तौर पर अमित शाह का अगला अभियान जम्मू कश्मीर में भाजपा के मुख्यमंत्री की ताजपोशी करना होगा। पश्चिम बंगाल और दक्षिण में केरल-तमिलनाडु के अभेद्य गढ़ को भेदने जैसे दुष्कर काम का करना शाह का स्वप्न है।
पिछले पोस्ट में यह जिक्र था कि भाजपा में यह बहुत पहले ही तय हो चुका था कि नतीजे चाहे कुछ भी हों चुनाव के बाद सरकार भाजपा-शिवसेना की ही होगी। और भाजपा शिवसेना को राजनीतिक तोहफा दे कर सारे गिले शिकवे दूर कर देगी। तो भाजपा वह तोहफा देने की और कदम बढ़ा चुकी है और जल्द ही यह सामने आ जाएगा वह तोहफा क्या होगा।

Tuesday, October 7, 2014

बयानबाजियों से गर्म हो रहा महाराष्ट्र


 महाराष्ट्र का चुनाव दिन ब दिन दिलचस्प होता जा रहा है। गठबंधन के टूटने का दंश शिवसेना को कुछ ज्यादा ही साल रहा है या मामला कुछ और ही है। दरअसल चुनाव से बहुत पहले ही महाराष्ट्र की तस्वीर बहुत साफ हो गई थी। उस साफ तस्वीर ने ही शिवसेना- भाजपा को आमने सामने ला खड़ा किया और साफ तस्वीर धुंधली हो गई। वो साफ तस्वीर जो कह रही थी उसका संदेश था कि कांग्रेस एनसीपी की सरकार एंटी एन्कम्बैंसी और मोदी लहर के चलते दरवाजा देखेगी और प्रदेश में भाजपा-शिवसेना की सरकार बनेगी। अब शुरू होती है इस साफ तस्वीर के धुंधला जाने की कहानी। भाजपा और शिवसेना में पिछले सालों से जो गठबंधन चल रहा है उसमें एक शर्त साफ होती है, और वह यह कि जिसके भी ज्यादा सदस्य चुन कर आएंगे, उसी पार्टी का व्यक्ति मुख्यमंत्री या नेता प्रतिपक्ष होगा। यही फार्मुला निकाय चुनावों में भी चलता रहा है। तो इस बार जब सरकार साफ साफ आती नजर आ रही थी तब सबसे बड़ा सवाल जो मुंबई के मातोश्री और दिल्ली के 11, अशोक रोड में चक्कर काट रहा था वह था कि कौन बनेगा मुख्यमंत्री। बाला साहब ठाकरे के जमाने की शिवसेना में इस सवाल को कभी उठाया नहीं जाता था। जिसे बाला साहब चाहते वह मुख्यमंत्री हो जाता। लेकिन सत्ता की डोर अन्ततः बाला साहब के ही हाथ में रहती थी। यदि भाजपा का मुख्यमंत्री होता तब भी डोर अन्ततः बाला साहब के ही हाथ में रहती। पर बाला साहब के बाद के युग में हालात बदले हुए हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को अग्निपरीक्षा से गुजरना है। उद्धव का कद शिवसेना में तो निर्विवाद है पर भाजपा के नेता उनको बाला साहब की जगह नहीं देखते। ऐसे में शिवसेना किसी भी स्थिति में यह सुनिश्चित कर देना चाहती थी कि सरकार आने की स्थिति में उसी का मुख्यमंत्री हो। इसके लिए उसने बकायदा उद्घव ठाकरे का नाम भी चला दिया।  उद्घव ने भी कह दिया कि वक्त आने पर वे जिम्मेदारी से भागेंगे नहीं। यानी शिवसेना ने अपना दांव खेल दिया। पर भाजपा के सामने संकट की स्थिति बन गई।भाजपा के पास प्रदेश इकाई में उद्धव के कद का नेता नहीं है। जो हैं वो केन्द्र में कोई न कोई जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में उद्धव के मुकाबले वो कोई चेहरे घोषित करने से बच रही थी।  परम्परा के अनुसार तो जिसके ज्यादा विधायक उसका मुख्यमंत्री होता, पर उद्धव के घोषणा करने से ऐसा संदेश जाने लगा था कि भाजपा ने भी उद्धव को गठबंधन का मुख्यमंत्री स्वीकार कर लिया है। और चुनाव के बाद संख्या बल की बात करना महज एक औपचारिकता भर रह जाता। महाराष्ट्र में वैसे भी शिवसेना भाजपा की तुलना में कहीं अधिक सीटों पर चुनाव लड़ रही थी। ऐसे में संभवतया उसके विधायक ज्यादा हो सकते थे, पर भाजपा का सफलता का प्रतिशत ज्यादा था, और भाजपा पहले भी सेना की तुलना में ज्यादा विधायक जितवा कर ला चुकी है। मुख्यमंत्री पद की दौड़ को खुला रखने के लिए भाजपा ने ज्यादा सीटों पर लड़ने की मांग की। जाहिर है इससे शिवसेना की सीटों में कमी आती और अन्ततः इसका असर चुनाव के बाद शिवसेना के विधायकों की संख्या पर दिखाई देता। ज्यादा विधायकों की स्थिति में भाजपा स्वाभाविक तौर पर मुख्यमंत्री पद का दावा करती और उद्धव का दावा कमजोर पड़ जाता। मुख्यमंत्री पद को लेकर जब संकट ज्यादा गहराना भाजपा के रणनीतिकारों को  अपने लिए मुफीद ही लगा। उनकी गणित में वोटों का बिखराव ही भाजपा के लिए फायदेमंद होना था। तो इसी रणनीति पर चल रही भाजपा गठबंधन के टूटने में एक तीर से दो निशाने साधते दिख रही है। वोटों का बिखराव न केवल उसकी संभावनाओं को बढ़ाता है बल्कि चुनाव के बाद उसकी अपनी सरकार की स्थिति भी बनती है। शिवसेना को यह स्थिति पूरी तरह नागवार गुजर रही है और इसीलिए दिनोंदिन उसके तेवर तीखे होते जा रहे हैं। शिवसेना के निशाने पर अब एनसीपी कांग्रेस की जगह भाजपा है। ज्यों ज्यों चुनावी चौसर बिछ रही प्रचार में जुटे भाजपा नेता खासे उत्साहित होते जा रहे हैं। एक उत्साहित भाजपा नेता की अपनी गणित के मुताबिक पार्टी वहां 140 सीटों को जीतने की स्थिति में पहुंच चुकी है। यदि ऐसा होता है तो शिवसेना के लिए यह एक तरह का झटका ही होगा। हालांकि उन्हीं भाजपा नेता का यह भी कहना है कि महाराष्ट्र की सरकार शिवसेना और भाजपा मिल कर ही चलाएंगे। हो सकता है चुनाव के बाद भाजपा शिवसेना को ऐसा बड़ा तोहफा भी दे दे जिसकी राजनीतिक पंडितों तक ने उम्मीद नहीं की हो।

Monday, October 6, 2014

आखिर महाराष्ट्र में चल क्या रहा है?

क्या सफलता वाकई इतनी मदमस्त कर देने वाली होती है कि सफलता के नशे में चूर शख्स अपने दुःख के साथियों को भी भूल जाए? कम से कम शिवसेना का तो महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों में भाजपा के साथ गठबंधन टूटने के बाद यही मानना है कि, हां शायद ऐसा ही होता है। भारतीय जनता पार्टी को केंद्र में अपने बूते स्पष्ट बहुमत क्या मिला उसने पच्चीस साल पुराना साथ एक झटके में तोड़ दिया। वो भी तब जब शिवसेना को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। मराठी ह्रदय सम्राट माने जाने वाले बाल ठाकरे की मृत्यु के बाद यह शिवसेना का पहला विधानसभा चुनाव है। ऐसे में अपने वर्चस्व को साबित करने के लिए शिवसेना के पास यह एक महत्वपूर्ण मौका है। आखिर पच्चीस सालों का साथ कैसे एक झटके में टूट गया। और वह भी एक सीट के लिए।
       और एक सीट भी कौन सी? भुसावल। भुसावल वह सीट थी जो सालों से शिवसेना के खाते में चलती आ रही है। पिछली बार इस सीट पर एनसीपी ने जीत हासिल की थी और शिवसेना का उम्मीदवार महज तीन हजार वोटों से हारा था। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनावों के परिणामों से चहुं ओर चुनावी रणनीति के महारथी साबित हो चुके उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रीति नीति पर चलते हुए महाराष्ट्र में भी पार्टी ने जब विरोधी दलों में सेंध लगा कर उनके नेताओं को पार्टी में शामिल करना शुरू किया तो भुसावल के विधायक और पूर्व मंत्री  एनसीपी के संजय सावकर को भी भाजपा की सदस्यता दिलवा दी। इसी के साथ पार्टी ने इस सीट को शिवसेना से लेकर यहां अपना प्रत्याशी उतारने की कवायद शुरू कर दी। शिवसेना इस पर राजी नहीं हुई और अन्ततः गठबंधन टूटने का यही एक दिखता सा कारण बना। हालांकि घोषणा सीटों की संख्या के बंटवारे पर सहमति नहीं होने को आधार बना कर की गई।
        गठबंधन टूटने की यह घटना क्या वाकई इतनी सरल है, जितनी यह दिख रही है? क्या वाकई भाजपा का शीर्ष नेतृत्व, जिसमें संघ की राय को भी शामिल मानें, महाराष्ट्र इकाई के नेताओं के तर्कों को इस कदर मानने पर उतर आया है जिसमें वह उद्धव और आदित्य ठाकरे की भावुक अपीलों, हमने 272 का साथ दिया अब आप 151 का साथ दो, को ही नकार दे? क्या नरेन्द्र मोदी गुजरात दंगो और उसके बाद देश भर में केवल शिवसेना की ओर से मिले समर्थन का इस तरह का सिला दे सकते हैं?
       इन सब सवालों का जवाब कल खुद मोदी ने दे दिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वे शिवसेना के खिलाफ नहीं बोलेंगे। क्यों नहीं बोलेेंगे? क्योंकि यह उनकी बाला साहेब ठाकरे के प्रति श्रद्धांजलि है। यानी वह नेता जिसकी बात आज देश में सबसे ज्यादा सुनी और मानी जा रही है उस महाराष्ट्र के चुनावों में जिसमें उनकी पार्टी पिछले 15 सालों से सत्ता से दूर है, मैदान में विरोधी बन कर खम ठोक रही एक पार्टी के खिलाफ कुछ नहीं बोलेगा।
       शायद मोदी के इस बयान ने सारी उलझी गुत्थियों को सुलझा दिया होगा। नहीं सुलझाया तो जरा एक बार इस नजरिए से सोचिए।
       उत्तर प्रदेश के चुनाव में भाजपा ने प्रदर्शन किया क्या उसकी किसी ने उम्मीद की थी?  नहीं ना। फिर कैसे संभव हुआ। मोदी लहर से? परिणाम के बाद उत्तर प्रदेश में भाजपा के सामने लड़ रही पार्टियों ने जिस शख्स को सबसे ज्यादा कोसा वो कौन था? वो नरेन्द्र मोदी नहीं थे। वो शख्स थे अमित शाह। क्यों? कहते हैं उन्होंने सीट दर सीट वोटों का इस तरह से बिखराव और ध्रुवीकरण किया कि ईवीएम के बटनों ने जिन्न बाहर निकाल दिया।
बस यही  वो कड़ी है जिसने पच्चीस सालों के गठबंधन को तोड़ दिया। टूटे गठबंधन के बावजूद शिवसेना केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल है। नरेन्द्र मोदी शिवसेना के खिलाफ कुछ नहीं बोलेंगे। और चुनाव बाद के गठबंधन से इनकार नहीं किया जा रहा।
       दरअसल अमित शाह ने जब महाराष्ट्र की सीटों का गहन विश्लेषण किया तो उन्हें समझ आया कि कई सीटों पर मतों का ध्रुवीकरण इस कदर गहराया हुआ है कि सीधे मुकाबले में भाजपा-शिवसेना उन सीटों को कभी नहीं जीत सकती। इन सीटों को बहुकोणिय मुकाबला बनाने के बाद ही जीता जा सकता है। बस इसके बाद शुरू हो गई मुकाबले को बहुकोणिय बनाने की रणनीति। शिवसेना और भाजपा एक तरह से दोस्ताना मैच खेल रही हैं। जहां शिवसेना का उम्मीदवार भारी है, वहां भाजपा का उम्मीदवार इस तरह से खड़ा है कि वह शिवसेना के विरोध कांग्रेस या एनसीपी के प्रत्याशी के वोट बैंक में सेंध लगा दे। और जहां भाजपा का उम्मीदवार मजबूत है वहां विपक्षी के वोटों में सेंधमारी का काम शिवसेना का प्रत्याशी करेगा। अब यह रणनीति कितनी सफल रहती है और कहीं इस रणनीति की एक खिलाड़ी शरद पवार की एनसीपी भी तो नहीं है, यह तो परिणामों के बाद ही सामने आएगा। पर एक बात तय है कि ये चुनाव अमित शाह के राजनीतिक कौशल को कसौटी पर कस रहे हैं। यदि यहां चुनाव के बाद भाजपा- शिवसेना की सरकार जबरदस्त बहुमत के साथ बने तो हिन्दुस्तान जम्मू कश्मीर के चुनाव परिणामों में भी ऐसा अभूतपूर्व बदलाव देखने की उम्मीद कर सकता है जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की होगी।

Thursday, September 25, 2014

जयपुर को तुम पर गर्व है शगुन,Shagun



आज सुबह एशियाड की खबरों के बीच एक खबर थी, भारत को शूटिंग में एक और कांस्य। सहज और सामान्य दिख रही इस खबर में अभी इंचियोन में चल रहे 17 वें एशियाड खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की पदक तालिका में एक और पदक का इजाफा होने का ब्यौरा था। जाहिर है उत्साहित मन खबर को पढ़ने के लिए बेकरार हो रहा था, पर ज्योंही नजरें खबर से गुजरने लगीं, एक नाम पर निगाह अटक गई और दिल खुशी से उछल पड़ा। वो नाम था शगुन चौधरी का। शगुन यानी जयपुर की शगुन चौधरी। राज्यवर्दन सिंह, अपूर्वी चंदेला और शगुन चौधरी। जयपुर के शूटर जो दुनिया भर में जयपुर का नाम रोशन कर रहे हैं। शगुन ने डबल ट्रैप टीम स्पर्धा में श्रेयसी सिंह और वर्षा बर्मन के साथ कांस्य पदक जीता। इन तीनों में भी शगुन का प्रदर्शन अव्वल दर्जे का रहा। शगुन को 96 अंक और श्रेयसी को 94 अंक मिले, जबकि वर्षा 89 अंक हासिल कर पाईं। शगुन की इस उपलब्धि से हर जयपुरवासी का सीना गर्व से फूल गया है। जयपुरी निशानेबाजों के इस कदर अच्छे प्रदर्शन के चलते राज्य सरकार की जिम्मेदारी बढ़ गई है और प्रदेश में शूटिंग की सुविधाओं को और अधिक बढ़िया किए जाने की दरकार है।

हम विश्व पयर्टन दिवस क्यों मनाते हैं?,World tourism day, 27 september,WTO

केसरिया बालम, आवो नी पधारो म्हारे देस.... । रेतीले धोरों से जब मांड की यह गूंज फिजां में गूंजती है तो अब पहली कल्पना में जो चित्र  बनता है वो किसी सजीले बांके पिया का नहीं होता बल्कि एक  समूह में कैमरा लटकाए हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को निहारने आए विदेशी सैलानियों का होता है। जाहिर है पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से मिलते रोजगार के चलते अब हर कोई सैलानियों के स्वागत को पलक पांवड़े बिछाए खड़ा है। विश्व भर में पर्यटन को जबरदस्त संभावना वाले उद्योग की तरह देखा जाता है। साथ ही यह वैश्विक समुदाय में आपसी सद्भावना बढ़ाने वाला भी माना जाता है।इसी माध्यम से लोग एक दूसरे की संस्कृति को जानते समझते हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ ने इसी सांस्कृतिक सद्भावना को बढ़ावा देने के लिए विश्व पर्यटन संगठन (वर्ल्ड टूरिज्म ऑर्गेनाइजेशन) की स्थापना की। इसकी स्थापना की शुरूआत तो 1925 में हेग में International Congress of Official Tourist Traffic Associations (ICOTT) की स्थापना से हो गई थी। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद  International Union of Official Travel Organizations (IUOTO) के रूप में यह आगे बढ़ा।  1970 में IUOTO की महासभा ने विश्व पर्यटन संगठन के गठन का संकल्प पारित किया ।  1 नवम्बर 1974 से यह विधिवत काम करने लगा। 2003 में पन्द्रहवीं आमसभा में डब्ल्यूटीओ महा परिषद और यूएन इस संगठन को संयुक्त राष्ट्र की विशेष एजेंसी का रूप देने पर सहमत हो गए।1980 से डब्ल्यू टी ओ 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के रूप में मना रहा है। 1970 में इसी दिन डब्ल्यू टी ओ के गठन का संकल्प स्वीकार किया गया था। संगठन हर वर्ष एक नई थीम पर इस दिवस के कार्यक्रम आयोजित करता है। वर्ष 2014 के लिए तय की गई थीम, टूरिज्म एंड कम्युनिटि डवलपमेंट यानी पर्यटन एवं सामुदायिक विकास है।
विश्व पर्यटन दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य पर्यटन और उसके सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक व आर्थिक मूल्यों के प्रति विश्व समुदाय को जागरूक करना है। विश्व पर्यटन दिवस का मुख्य उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना और पर्यटन के द्वारा अपने देश की आय को बढ़ाना है। विश्व पर्यटन संगठन इस दिवस के अवसर पर एक राष्ट्र को वर्ष भर के लिए सहभागी  मेज़बान राष्ट्र घोषित किया जाता है जो कि  भौगोलिक क्रमानुसार होता है।


MARS,mom, MANGAL,अरूण यह मंगलमय देश हमारा

अरूण यह मंगलमय देश हमारा, जहां पहुंच अनजान क्षितिज को मिलता एक सहारा।
इन पंक्तियों को पढ़ कर आपको सहज ही याद आ रही होगी इन पंक्तियों के रचयिता महाकवि जयशंकर प्रसाद की । अर...आप सोच रहे होंगे.. इस पंक्ति में तो गलती है, पर नहीं जी, ये पंक्ति बिल्कुल दुरुस्त है, बस कालखंड बदल गया है। दशकों पहले इन पंक्तियों को रचने वाले आदरणीय प्रसाद जी शायद आज इस पंक्ति को इसी तरह लिखते। आखिर हमारा देश मंगल तक जो पहुंच गया है। तो कहिए क्या वे अरूण यह मधुमय देश हमारा की जगह अरूण यह मंगलमय देश हमारा नहीं कहते। जरूर कहते ।

Sunday, April 20, 2014

वाजपेयी से भी बड़े करिश्माई होंगे मोदी!



चुनाव महासमर करीब करीब अपना आधा अभियान पूरा कर चुका है। और जिस दिशा में भाजपा आगे बढ़ रही है उससे पार्टी को उम्मीदों का समंदर लहराता दिख रहा है। पार्टी को उम्मीद है मोदी उसे देश को उस परम वैभव तक पहुंचाने के लिए  काम करने का मौका दिलवाएंगे जिसका सपना पार्टी के मातृसंगठन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना करते समय 1925 में डॉ केशव बलिराम हेडगेवार ने देखा था। ऐसा नहीं है कि पार्टी पहली बार सत्ता के दरवाजे पर पहुंच रही हो। इससे पहले भी अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा नीत राजग की सरकारें बन चुकी हैं। पर वह सरकार बस सरकार चलने तक ही सीमित रही। उस दौरान भाजपा  परमाणु परीक्षण से आगे बढ़ कर कुछ खास नहीं कर सकी। उसके एजेंण्डे के कई मुद्दे यथावत एक तरफ रखे रहे और भाजपा के कैडर के साथ ही मातृसंगठन को भी ऐसा लगा कि परम वैभव के लिए काम करने का सपना पूरा होना तो दूर उस दिशा में कुछ कदमों की चहलकदमी भी नहीं हुई।
अब इस आम चुनाव की सात अप्रेल से शुरू हुई मतदान चरणों की प्रक्रिया में अब तक छह चरण पूरे हो चुके हैं और अब तक कुल 543 में से 232 संसदीय क्षेत्रों के लिए मतदान हो चुका है। अब बचे चार चरणों यानी 24 अप्रेल को 117, 30 अप्रेल  को 89,7 मई को 64, 12 मई को 41 सीटों के लिए मतदान होगा। एक तरह से कहा जाए तो ये शेष 311 सीटें महत्वपूर्ण हैं। शायद अब आप हम को समझ आने लगा होगा कि एकाएक मीडिया में इसी दौरान क्यों प्रमुख नेताओं के साक्षात्कार तैरने लगे हैं। तो अब जबकि आधे से भी कहीं ज्यादा समर बाकी है और कांग्रेस एक तरह से मैदान छोड़ चुकी है ऐसे में एक नजर इस पर  भी डाल लेना समीचीन होगा कि देश में जिस मोदी लहर के चलने की बात हो रही है और मोदी जिस नाव पर सवार हैं दरअसल उस नाव यानी भाजपा में लहर की सवारी का कितना माद्दा है। मोदी भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के दावेदार हैं। और यह भी जग जाहिर हैं कि अटल बिहारी वाजपेयी से बड़ा नेता अब तक भाजपा में नहीं हुआ। गौर करें अभी तक। ..तो भाजपा ने अपनी अब तक की संसदीय यात्रा में जो सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया है वो है 182 जो पार्टी को 98 और 99 के लोकसभा चुनावो के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी की सदारत में हासिल हुआ था। गौर करने लायक बात यह भी है कि ये चुनाव ही 13 दिन और 13 महीने की वाजपेयी सरकार की शहादत की सहानुभूति लहर पर लड़े और पार उतरे गए थे। पर इस बार जरा माहौल में बदलाव नजर आ रहा है। न केवल भाजपा बल्कि भाजपा के मातृसंगठन यानी आरएसएस को भी लग रहा है कि अभी नहीं तो कभी नहीं । इसलिए वह और उसका पूरा कैडर जिस प्राण पण से जुटा है वैसी सक्रियता इससे पहले कभी देखी नहीं गई।
अब जरा एक नजर नीचे दी गई टेबिल पर डालें और जानें जब भाजपा ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया तब किन राज्यों में उसे कैसा समर्थन मिला। कैसे जब देश के अन्य राज्यों में भाजपा की लोकप्रियता थोड़ी बढ़ी तो उसे सत्ता की चाबी माने जाने वाले राज्य उत्तर प्रदेश ने अपनी नजरों से उतार दिया। इस बार सारी लड़ाई उत्तर प्रदेश में सीटों के बंटवारे पर टिकी है। देखने वाली बात अब यह है कि क्या मोदी की लहर में भाजपा की नाव इतनी ताकत से तैर सकेगी कि वह न केवल उत्तर प्रदेश में अपना खोया वजूद हासिल कर ले बल्कि कुछ दक्षिणी राज्यों में भी अपना प्रदर्शन बरकरार रख सके। यदि किसी प्रकार भाजपा उत्तर प्रदेश में 55 से अधिक सीटें हासिल कर ले तो वह उस आंकड़े के पास पहुंच सकती है जिसे जादुई आंकड़ा कहा जाता है। और मोदी को मिलेगा वाजपेयी से भी बड़ा करिश्माई होने का तमगा।हालांकि अभी यह दूर की कौड़ी है और विरोधियों का कहना है कि जिस हवा की बात की जा रही है वो केवल मीडिया की  सुर्खियों तक ही सीमित है। हकीकत तो 16 मई को ही सामने आएगी। जब पीं पीं करती ईवीएम के डिजीटल फिगर बताएंगे कि जादुई फिगर किसके पास है।

                 भारतीय जनता पार्टी को विभिन्न राज्यों में मिली सीटें



राज्य
कुल सीट
1998 में जीतीं
1999 में जीतीं
2009 में जीतीं
2014 में कंटेस्टिंग*
आंध्रा प्रदेश
42
04
07
-
8
अरूणाचल प्रदेश
02
-
-
-
2
आसाम
14
01
02
04
13
बिहार
40
20

23
12
30
झारखंड
14

08
14
गोवा
02
-
02
01
2
गुजरात
26
19
20
15
26
हिमाचल प्रदेश
04
03
03
03
04
हरियाणा
10
01
05
-
08
जम्मू एवं कश्मीर
06
02
02

06
कर्नाटक
28
13
07
19
28
केरल
20
-
-
-
18
मध्य प्रदेश
29
30
29
16
29
छत्तीसगढ़
11
10
11
महाराष्ट्र
48
04
13
09
24
मणिपुर
02
-
-
-
02
मेघालय
02
-
-
-
01
मिजोरम
01
-
-
-
-
नागालैंड
01
-
-
-
-
उड़ीसा
21
07
09
-
21
पंजाब
13
03
01
01
03
राजस्थान
25
05
16
04
25
सिक्किम
01
-
-
-
01
तमिलनाडू
39
03
04
-
08
त्रिपुरा
02
-
-
-
02
उत्तर प्रदेश
80
57
29
10
78
उत्तराखंड
05

-
5
पश्चिम बंगाल
42
01
02
01
42
दिल्ली
07
06
07
-
07
पुड्डुचेरी
01
-
-
-

लक्षद्वीप
01
-
-
-

दमन दीव
01
01
-
01
01
दादरा नगर हवेली
01
01
-
01
01
चंडीगढ़
01
01
-
-
01
अंडमान निकोबार
01
-
01
01
01
कुल
543
182
182
116
422